News saga Desk
सीवान: सीवान जिले में जमीन विवाद और कथित दबंगई के मामलों को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महादेवा थाना क्षेत्र के ओरमा गांव निवासी पूर्व मुखिया साबिर मियां को पटना से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद जिले के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई डॉक्टर की जमीन से जुड़े विवादित मामले में की गई है। सीवान के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद साबिर मियां की गिरफ्तारी की गई। वह लंबे समय से पुलिस की निगरानी में थे और उनकी तलाश की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पटना में छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
इस मामले में गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के धर्मपरसा निवासी डॉ. विनय कुमार सिंह की पत्नी डॉ. सुधा सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में रघुनाथपुर के राजद विधायक ओसामा शहाब, फरहान, साबिर मियां समेत 30 से 35 नामजद और अज्ञात लोगों पर मारपीट, लूटपाट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सारण रेंज के डीआईजी नीलेश कुमार और एसपी पूरन कुमार झा के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने 4 मई को हुसैनगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर स्थित पैतृक आवास और नगर थाना क्षेत्र के नया किला स्थित घर पर एक साथ छापेमारी की थी।
सीवान स्थित आवास पर करीब 40 मिनट तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। छापेमारी के बाद डीआईजी नीलेश कुमार ने सख्त संदेश देते हुए कहा था कि सीवान के भूमाफिया अब शहर छोड़ दें, क्योंकि पुलिस उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के मूड में है।
इसके बाद पुलिस ने विधायक ओसामा शहाब की गिरफ्तारी के लिए पटना स्थित आवास पर भी दबिश दी थी। हालांकि इस मामले में विधायक ओसामा शहाब को अदालत से जमानत मिल चुकी है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से जिले के भूमाफियाओं और दबंग तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
No Comment! Be the first one.