प्रीति जिंटा ने ‘धुरंधर’ को बताया मास्टरपीस, बोलीं-लंबे समय बाद देखी ऐसी दमदार फिल्म

News Saga Desk

आदित्य धर के निर्देशन में बनी स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ को दर्शकों और समीक्षकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म का प्रदर्शन शानदार बना हुआ है। भारत में 400 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी यह फिल्म दुनियाभर में करीब 600 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है।

फिल्म देखने के बाद बॉलीवुड से कई सितारे इसकी खुलकर तारीफ कर रहे हैं। अब इस कड़ी में अभिनेत्री प्रीति जिंटा का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म का रिव्यू साझा करते हुए इसे एक बेहतरीन सिनेमाई अनुभव बताया।

प्रीति जिंटा ने बताया कि उन्होंने ‘धुरंधर’ का दोपहर का शो देखा, जो पूरी तरह हाउसफुल था। उन्होंने लिखा कि यह उन बेहतरीन फिल्मों में से एक है, जो उन्होंने लंबे समय बाद देखी है। अभिनेत्री ने फिल्म की कच्ची और असली प्रस्तुति की तारीफ करते हुए रणवीर सिंह, अक्षय, संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, बोमन ईरानी, गौरव गेरा सहित पूरी कास्ट की शानदार परफॉर्मेंस की सराहना की।

उन्होंने फिल्म के म्यूजिक को दिल को छू लेने वाला और रोमांच से भरपूर बताया, वहीं निर्देशक आदित्य धर के काम की खास तौर पर प्रशंसा की। प्रीति जिंटा ने कहा कि इतनी मुश्किल फिल्म को इतने दिल से बनाना अपने आप में बड़ी बात है।

अभिनेत्री ने आगे लिखा कि ‘धुरंधर’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उन अनदेखे पुरुषों, महिलाओं और देशभक्तों के लिए एक सम्मान है, जो देश की रक्षा के लिए हर खतरे का सामना करते हैं। उन्होंने कहा कि साढ़े तीन घंटे की फिल्म पलक झपकते ही खत्म हो गई और वह इसे दोबारा देखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

प्रीति जिंटा ने अंत में फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू को बधाई देते हुए दर्शकों से इसे मिस न करने की अपील की और ‘धुरंधर’ को एक सच्चा मास्टरपीस बताया।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More