News Saga Desk
26 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जमशेदपुर दौरा निर्धारित हो गया है। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कदमा स्थित मरीन ड्राइव में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति मंदिर का भूमि पूजन करेंगी और लगभग चार घंटे तक शहर में प्रवास करेंगी।
ऐसे होगा राष्ट्रपति का आगमन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति सुबह लगभग 11 बजे वायुसेना के विशेष विमान से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से सोनारी एयरपोर्ट आएंगी। इसके बाद उनका काफिला सोनारी से सर्किट हाउस गोलचक्कर और साई मंदिर होते हुए मरीन ड्राइव स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेगा। दोपहर करीब 12 बजे उनके कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की संभावना है।
मंदिर भूमि पूजन का मुख्य कार्यक्रम
राष्ट्रपति जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र ट्रस्ट द्वारा आयोजित समारोह में मंदिर का भूमि पूजन करेंगी। कार्यक्रम की अवधि लगभग डेढ़ घंटे निर्धारित की गई है। इसके लिए एक भव्य पंडाल बनाया जा रहा है, जिसमें करीब 1200 अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
बैठने की विशेष व्यवस्था
आयोजन स्थल पर बैठने की व्यवस्था तीन भागों में विभाजित की गई है। एक हिस्से में ट्रस्ट और आरएसबी ग्रुप के प्रतिनिधि बैठेंगे। दूसरे हिस्से में अति विशिष्ट अतिथि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे, जबकि पीछे आम लोगों के लिए सीटों की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और सुरक्षित रहेंगी।
सर्किट हाउस में भोजन, मेडिकल कॉलेज का भी दौरा
भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति सर्किट हाउस जाएंगी, जहां वे दोपहर का भोजन करेंगी। इसके बाद वे टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज का दौरा भी करेंगी। शाम लगभग चार बजे उनका कार्यक्रम समाप्त होगा।
ट्रैफिक और सुरक्षा के विशेष इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक उनके आगमन से एक घंटे पहले और प्रस्थान के 15 मिनट बाद तक निर्धारित मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। कदमा टोल ब्रिज, सोनारी दोमुहानी पुल, सर्किट हाउस गोलचक्कर और साई मंदिर मार्ग पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। आम लोगों की सुविधा के लिए कागलनगर से दोमुहानी मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में रखा गया है।
प्रशासन ने लिया तैयारियों का जायजा
प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, अग्निशमन, बिजली, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने और कार्यक्रम को सुरक्षित व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
No Comment! Be the first one.