News Saga Desk
राजधानी रांची के पिठोरिया इलाके में सोमवार देर रात बिजली ग्रिड से बड़ी चोरी सामने आई है। कान्दू स्थित सब स्टेशन में अज्ञात चोरों ने SST 33/.4KV ट्रांसफार्मर को निशाना बनाते हुए लगभग 1000 किलो कॉपर कॉइल काटकर ले गए। इस घटना ने बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
देर रात वारदात
जानकारी के अनुसार चोरी की वारदात रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच हुई। चोरों ने ट्रांसफार्मर की कॉपर कॉइल काटकर आराम से अपने साथ ले गए। अधिकारियों का कहना है कि कॉपर ट्रांसफार्मर का अहम हिस्सा होता है, जिसकी चोरी से बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
25 लाख रुपये से अधिक का नुकसान
बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक चोरी हुए कॉपर की कीमत 25 लाख रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है। इस चोरी ने विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
पुलिस और विभाग की कार्रवाई
मौके पर हेडक्वार्टर वन डीएसपी अमर कुमार पांडे, इंस्पेक्टर असित मोदी और थाना प्रभारी सतीश पांडे टीम के साथ पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और फॉरेंसिक टीम (FSL) से तकनीकी सबूत जुटाए जा रहे हैं।
डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद
थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधियों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ की मदद ली जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि इतने बड़े पैमाने पर कॉपर चोरी के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने रांची बिजली ग्रिड की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इतनी बड़ी चोरी के बावजूद किसी को भनक तक नहीं लगी, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता और विभाग की विश्वसनीयता पर सवाल उठे हैं।
No Comment! Be the first one.