News Saga Desk
राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित हरिहर सिंह रोड के प्रीति ज्वेलर्स में हुई लूटकांड का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है, बता दें कि इस मामले में तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी पहले डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते थे और इसी बहाने इलाके की रेकी कर लूट की पूरी योजना बनाई थी।
गिरफ्तार आरोपियों में आशुतोष कुमार (गिरीडीह), महेश कुमार वर्मा (गिरीडीह) और मो. सिराज अंसारी उर्फ शेरू (जमुई, बिहार) शामिल हैं। यह घटना 7 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6:45 बजे की है। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी रांची के एसएसपी राकेश रंजन को दी गई, जिसके बाद सिटी एसपी पारस राणा के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई।
त्वरित कार्रवाई में तीनों आरोपी गिरफ्तार
सदर डीएसपी संजीव कुमार बेसरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी शाखा की मदद से लगातार छापेमारी की। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने उनके पास से लूट का पूरा सामान, वारदात में इस्तेमाल की गई दो बाइक और हथियार बरामद किए हैं। बरामद सामान में TVS राइडर और पल्सर बाइक, पांच मोबाइल फोन, ज्वेलरी दुकान से लूटा गया सोना-चांदी, एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और चार जिंदा कारतूस शामिल हैं।
पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे आरोपी
जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। आशुतोष कुमार के खिलाफ गिरीडीह में कई मामले दर्ज हैं। वहीं, सिराज अंसारी वर्ष 2023 में जेल जा चुका है और महेश वर्मा 2021 में चोरी के मामले में छह महीने तक जेल में रह चुका है।
बरियातू थाना में केस दर्ज, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
इस मामले में बरियातू थाना में कांड संख्या 66/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी है।
इस पूरी कार्रवाई में सदर डीएसपी संजीव कुमार बेसरा, बरियातू थानेदार मनोज कुमार, सदर थानेदार कुलदीप कुमार समेत कई पुलिस अधिकारियों और तकनीकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
No Comment! Be the first one.