गयाजी में बालू माफियाओं का तांडव, अवैध खनन रोकने पहुंचे वन अधिकारी पर जानलेवा हमला

News Saga Desk

बिहार के गयाजी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध बालू खनन पर कार्रवाई करने पहुंचे एक वन अधिकारी पर बालू माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने अधिकारी को डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना शेरघाटी अनुमंडल के बाराचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत भलुआ गांव के पास मोहाने नदी के किनारे हुई।

जानकारी के अनुसार, बाराचट्टी वन क्षेत्र पदाधिकारी अरविंद कुमार को मोहाने नदी में वन क्षेत्र से अवैध बालू उठाव की सूचना मिली थी। इसी सूचना पर वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। लेकिन वहां पहले से मौजूद बालू माफियाओं ने अचानक उन्हें घेर लिया और डंडों से हमला कर दिया।

हमले में अरविंद कुमार के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने उन्हें इतनी बेरहमी से पीटा कि वे खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल अधिकारी को तुरंत बाराचट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। बाराचट्टी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। इस घटना ने एक बार फिर अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने वाले अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Read More News

होर्मुज क्षेत्र में फंसे जहाज “अवाना” के कैप्टन राकेश के निधन पर परिवार से मिले रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच स्टेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में फंसे जहाज “अवाना” के कैप्टन और...

मुख्यमंत्री ने सरहुल पर सिरमटोली सरना स्थल में की पूजा, राज्यवासियों की खुशहाली की कामना

प्रकृति पर्व सरहुल के पावन अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज रांची के सिरमटोली स्थित...

Read More