News Saga Desk
बिहार में ठंड और कोहरे का डबल अटैक लगातार जारी है. इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य में अगले पांच दिनों तक कड़ाके की ठंड और शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा और कोल्ड डे जैसी स्थिति बने रहने की संभावना है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को भी घना कोहरा और ठंड का असर बने रहने की बात कही है.
मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में ठंड ने जम्मू का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. गुरुवार को राज्य के नौ जिलों का न्यूनतम तापमान जम्मू शहर से भी नीचे दर्ज किया गया. जम्मू में जहां न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं बिहार के कई इलाकों में तापमान इससे काफी कम रिकॉर्ड किया गया.
गया में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दो वर्षों में सबसे कम है. राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके अलावा दरभंगा में 6.6, छपरा में 5.7, सबौर में 4.6, शेखपुरा में 6.3, राजगीर में 5.1, जीरादेई में 6.0, अरवल में 5.3 और बिक्रमगंज में 4.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.
पटना और आसपास के इलाकों में पछुआ हवाओं के चलते दिनभर कनकनी बनी रही. धूप निकलने के बावजूद लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल सकी. गुरुवार को पटना का अधिकतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
वहीं शेखपुरा में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा. पटना, बक्सर, छपरा, मोतिहारी, मुंगेर, भागलपुर और पूर्णिया को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है.
No Comment! Be the first one.