विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन सतर्क, जिलाधिकारी व एसपी ने मंडल कारा का किया औचक निरीक्षण

News Saga Desk

पटना | विधानसभा चुनाव के अवसर पर जिले में शांति एवं सामान्य विधि-व्यवस्था बनाये रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है। इसी क्रम में सोमवार की सुबह सारण के जिलाधिकारी अमन समीर तथा वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष ने मंडल कारा, छपरा में औचक छापेमारी की। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सुरक्षा बल मौजूद थे।

अधिकारियों की टीम ने जेल परिसर में प्रवेश करते ही विभिन्न बैरकों का निरीक्षण किया। बंदियों की उपस्थिति, जेल की सुरक्षा व्यवस्था और परिसर में रखे गए सामग्रियों की बारीकी से जांच की गई। छापेमारी के दौरान जेल के अंदर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या प्रतिबंधित वस्तु की मौजूदगी की जांच की गई, हालांकि किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि चुनाव अवधि के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा बलों को सतर्क रहने और निरंतर निगरानी रखने का निर्देश दिया।

अधिकारियों ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जेल सहित जिले के सभी संवेदनशील स्थानों पर नियमित निरीक्षण एवं गश्ती अभियान चलाया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनावी माहौल में शांति, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाये रखना प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले भर में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम लगातार निगरानी कर रही है।

Read More News

होर्मुज क्षेत्र में फंसे जहाज “अवाना” के कैप्टन राकेश के निधन पर परिवार से मिले रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच स्टेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में फंसे जहाज “अवाना” के कैप्टन और...

मुख्यमंत्री ने सरहुल पर सिरमटोली सरना स्थल में की पूजा, राज्यवासियों की खुशहाली की कामना

प्रकृति पर्व सरहुल के पावन अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज रांची के सिरमटोली स्थित...

Read More