मुख्यमंत्री से तपोवन मंदिर नवनिर्माण समिति की मुलाकात, 2029 तक निर्माण पूरा होने का लक्ष्य

News Saga desk

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राम जानकी तपोवन मंदिर नवनिर्माण समिति, रांची के सदस्यों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान समिति ने मंदिर के चल रहे नवनिर्माण कार्य की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और उन्हें स्थल निरीक्षण के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने मंदिर निर्माण से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जानकारी ली और कहा कि तपोवन मंदिर राज्य की आस्था और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मंदिर के रिनोवेशन और ब्यूटीफिकेशन कार्य में सरकार की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि यह स्थल देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण केंद्र बन सके।

मंदिर नवनिर्माण समिति ने जानकारी दी कि मंदिर का निर्माण कार्य वर्ष 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में फाउंडेशन स्तर का कार्य पूरा हो चुका है। समिति के अनुसार, मंदिर का निर्माण आशीष सोमपुरा के निर्देशन में किया जा रहा है, जो राम मंदिर के आर्किटेक्ट भी रहे हैं। इस अवसर पर मंदिर के महंत ओमप्रकाश, समिति के सचिव प्रणय कुमार, सदस्य प्रवीण कुमार वर्मा, अयोध्या दास सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Read More News

Read More