सारण में दिनदहाड़े शिक्षक का अपहरण, स्कॉर्पियो सवार बदमाश बाइक सहित ले उड़े

News Saga Desk

बिहार के सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। स्कूल जा रहे एक शिक्षक का स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े अपहरण कर लिया और उनकी बाइक भी साथ ले गए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। अपहृत शिक्षक की पहचान कोपा थाना क्षेत्र के पियनो गांव निवासी 35 वर्षीय कुंदन कुमार के रूप में हुई है। वे बनियापुर के उत्क्रमित मध्य विद्यालय करही में पदस्थापित हैं और रोज की तरह मंगलवार को भी बाइक से स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया और जबरन वाहन में बैठाकर फरार हो गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक पूरी घटना चंद मिनटों में हुई, जिससे किसी को विरोध करने का मौका नहीं मिला। बदमाश शिक्षक की बाइक भी अपने साथ ले गए, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि अपहरण की योजना पहले से बनाई गई थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही बनियापुर और कोपा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और अपहरण के पीछे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि स्कॉर्पियो और आरोपियों की पहचान की जा सके।

फिलहाल अपहृत शिक्षक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस का दावा है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही शिक्षक को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र के शिक्षकों और आम लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More