हजारों श्रद्धालु खींचेंगे भगवान जगन्नाथ का रथ, लगेगा विशाल मेला
News Saga Desk
रांची। राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में इस वर्ष भी भव्य रथ मेले का आयोजन होने जा रहा है। हर साल की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में 27 जून से यह 10 दिवसीय मेला प्रारंभ होगा। मंदिर और मेले की तैयारियां जोरों पर हैं।
रथ मेले के पहले दिन भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाओं की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद उन्हें ढोल-नगाड़ों के साथ मंदिर से बाहर लाकर रथ पर विराजमान किया जाएगा। हजारों श्रद्धालु मिलकर इस भव्य रथ को खींचेंगे। यात्रा के दौरान रथ को मौसीबाड़ी में विश्राम के लिए रोका जाएगा, जहां तीनों विग्रह 9 दिनों तक विराजित रहेंगे। 10वें दिन ‘घूरती रथ’ के अवसर पर उन्हें पुनः मंदिर में लाया जाएगा।

इन 10 दिनों में मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में विशाल मेला लगता है, जिसमें देशभर से व्यापारी भाग लेते हैं। मेले में हस्तशिल्प, सजावटी सामान, बर्तन, शस्त्र, खिलौने, मिठाइयां, मछली पकड़ने के जाल जैसी विविध वस्तुएं उपलब्ध रहती हैं। यह मेला केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि व्यापारिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। मेले का एक और आकर्षण है झूले और मनोरंजन के शो। ‘मौत का कुआं’, ‘नागिन डांस शो’ जैसे आयोजन लोगों को खासा लुभाते हैं। इसके साथ ही स्वादिष्ट भोजन और नाश्ते के स्टॉल भी मेले में प्रमुख आकर्षण होते हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं को संयम और अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है। इस रथ यात्रा का धार्मिक महत्व अत्यंत गहरा है और यह रांचीवासियों के लिए एक उत्सव से कम नहीं।
No Comment! Be the first one.