News Saga Desk
रांची। झारखंड हाईकोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश जस्टिस तरलोक सिंह चौहान आज रांची पहुंचेंगे। वे सुबह 11:55 बजे रांची के भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे। एयरपोर्ट पर झारखंड हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिकारी उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत रांची में रुकेंगे।
23 जुलाई को राजभवन में लेंगे शपथ
जस्टिस तरलोक सिंह चौहान 23 जुलाई को झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में पदभार संभालेंगे। इसी दिन सुबह 10 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया है।
झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस महत्वपूर्ण समारोह में सीएम हेमंत सोरेन भी शामिल हो सकते हैं। इनके साथ ही राज्य के वरिष्ठ अधिकारी, न्यायाधीश, अधिवक्ता और गणमान्य लोग शामिल होंगे।
परिवार के सदस्य भी रहेंगे मौजूद
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में जस्टिस चौहान के परिवार के लगभग 50 से 60 सदस्य भी शामिल होंगे। उनके परिजन रांची पहुंचने लगे हैं। मेहमानों के ठहरने के लिए स्टेट गेस्ट हाउस और शहर के अलग-अलग होटलों में विशेष व्यवस्था की गई है।
कौन हैं जस्टिस तरलोक सिंह चौहान
जस्टिस तरलोक सिंह चौहान हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में वरिष्ठतम न्यायाधीशों में शामिल थे। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा शिमला से पूरी की। इसके बाद पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से कानून की पढ़ाई की। वर्ष 1989 में उन्होंने हिमाचल प्रदेश स्टेट बार काउंसिल में बतौर अधिवक्ता नामांकन कराया और वकालत शुरू की।
उनकी न्यायिक सेवा की शुरुआत वर्ष 2014 में हुई, जब उन्हें हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया। उसी वर्ष वे स्थायी न्यायाधीश बने। अपने कार्यकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण फैसले सुनाए और न्यायपालिका में अपनी निष्पक्षता और विधिक समझ के लिए जाने जाते हैं।
झारखंड न्यायपालिका को मिला अनुभवी न्यायाधीश
झारखंड हाईकोर्ट को जस्टिस चौहान के रूप में एक अनुभवी और सुलझे हुए न्यायाधीश मिले हैं। उनसे न्यायपालिका में पारदर्शिता और न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक प्रभावशाली बनाए जाने की उम्मीद की जा रही है। उनके आने से राज्य में न्यायिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
No Comment! Be the first one.