जमुई में दर्दनाक हादसा: ट्रेन से कटकर दो लोगों की मौत, इलाके में मचा हड़कंप

News Saga Desk

बिहार के जमुई जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां दो अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाएं झाझा-किऊल रेलखंड पर स्थित जमुई रेलवे स्टेशन के पश्चिम आउटर सिग्नल के पास हुईं और एक-दूसरे से कुछ ही दूरी पर थीं।

पहली घटना मलयपुर थाना क्षेत्र की है। यहां ठाकुरी माटी निवासी पाली सिंह रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन ने उन्हें चपेट में ले लिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

वहीं दूसरी घटना में करीब 55 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दोनों को ट्रेन के आने का आभास नहीं हो सका और यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मलयपुर जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर अज्ञात मृतक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन उसके पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण ट्रेन की चपेट में आना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Read More News

Read More