News Saga Desk
बिहार स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। टीम ने 14 वर्षों से फरार चल रहे दो कुख्यात नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नक्सलियों की पहचान राम प्रवेश बैठा और सुरेश साहनी उर्फ ‘सुरेश पगला’ के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक साथ दो जिलों में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र स्थित कोरिया गांव से राम प्रवेश बैठा को गिरफ्तार किया गया। वहीं, शिवहर जिले के श्यामपुर भटहा थाना अंतर्गत कररिया गांव में दबिश देकर सुरेश साहनी उर्फ सुरेश पगला को दबोचा गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों नक्सली मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मामले के मुख्य आरोपी हैं। इसके अलावा इनके खिलाफ बिहार के कई जिलों में हत्या, लेवी वसूली और नक्सली हिंसा से जुड़े कई संगीन मामले दर्ज हैं।
लंबे समय से विभिन्न जिलों की पुलिस इनकी गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई थी, लेकिन हर बार ये फरार होने में सफल हो जाते थे। एसटीएफ की इस कार्रवाई को नक्सल नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
No Comment! Be the first one.