असम, केरल और पुडुचेरी में वोटिंग जारी, जानें अब तक किस राज्य में कितना फीसदी मतदान हुआ

News Saga Desk

असम, केरल और पुडुचेरी की सभी विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है, बता दें कि तीनों राज्यों में एक ही चरण में चुनाव हो रहे हैं। असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर एक साथ वोट डाले जा रहे हैं। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

दिग्गज नेताओं और हस्तियों ने किया मतदान

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जालुकबारी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-15 पर अपना वोट डाला और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।

केरल में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम में मतदान किया। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने धर्मदम सीट के बूथ पर अपना मताधिकार प्रयोग किया। वहीं स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज, CPI नेता बिनॉय विश्वम और अभिनेता कुंचाको बोबन ने भी मतदान किया।

केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने भी मतदान कर नागरिकों से बड़ी संख्या में मतदान करने का आह्वान किया।

मतदान के दौरान दुखद घटना

केरल के त्रिशूर जिले के वानियामपारा में एक दुखद घटना सामने आई, जहां 62 वर्षीय विनोदन मतदान के बाद अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मतदाताओं में उत्साह, कई जगह लंबी कतारें

तीनों राज्यों में मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लगी हुई हैं।

सुबह 9 बजे तक असम में- 17.87%, केरल में- 16.23% और पुडुचेरी में- 17.41% मतदान दर्ज किया गया। वहीं 11 बजे तक असम में- 38.92%, केरल में- 33.28% और पुडुचेरी में- 37.06% वोटिंग दर्ज की गई।

बड़ी संख्या में उम्मीदवार और मतदाता

असम में 722 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और करीब 2.50 करोड़ मतदाता मतदान कर रहे हैं। राज्य में 31,490 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

केरल में 883 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जहां 2.71 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। राज्य में 30,495 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

नेताओं की अपील, बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम, केरल और पुडुचेरी के मतदाताओं से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया।

वहीं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी असम के मतदाताओं से मतदान करने की अपील करते हुए इसे अधिकार और भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण दिन बताया।

त्रिकोणीय मुकाबले पर नजर

केरल के पुतुप्पल्ली सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार चांडी ओमन काले कपड़े पहनकर मतदान करने पहुंचे, जिसे विरोध के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। इस सीट पर यूडीएफ, एलडीएफ और एनडीए के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।

शांतिपूर्ण मतदान जारी

तीनों राज्यों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है।

Read More News

रांची रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, चलती ट्रेन से गिरते यात्री को आरपीएफ ने बचाया..देखें वीडियो

रांची रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक यात्री की छोटी सी लापरवाही उसकी...

Read More