News saga Desk
बिहार में बीते कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ली है, बता दें की बुधवार सुबह से ही राज्य के कई जिलों में मौसम सुहावना हो गया है। कहीं झमाझम बारिश हो रही है तो कहीं दिनभर बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने 9 अप्रैल तक इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान जताया है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश, वज्रपात (ठनका) और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
गया और नालंदा में विशेष चेतावनी
मौसम विभाग ने गया और नालंदा जिलों के लिए अगले 1 से 3 घंटे के भीतर बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है। लोगों को सतर्क रहने और विशेष रूप से किसानों को खराब मौसम के दौरान खेतों में न जाने की सलाह दी गई है।
मौसम बदलाव की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य में मौसम के इस बदलाव के पीछे कई कारण हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं आ रही हैं, जिससे वातावरण में नमी बढ़ गई है। इसके अलावा एक चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने से बादल बन रहे हैं, जिससे बारिश और वज्रपात की स्थिति बन रही है।
पिछले 24 घंटे का हाल
बीते 24 घंटों में बिहार का मौसम काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। मंगलवार को जहां तेज धूप ने लोगों को परेशान किया और कैमूर जैसे जिलों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, वहीं रात होते-होते ठंडी हवाओं और बादलों ने मौसम को बदल दिया।
पटना सहित कई जिलों में गर्मी से राहत मिली है। वहीं दक्षिण बिहार के गया, औरंगाबाद और रोहतास जिलों में तेज हवाओं का असर दिखने की संभावना है, जिससे लोगों को अस्थायी राहत मिल सकती है।
No Comment! Be the first one.