News Saga Desk
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर मतदाता सूची के अपडेट का काम तेज हो गया है। विचाराधीन श्रेणी के मतदाताओं की पहली पूरक सूची सोमवार को यानि आज जारी की जाएगी। चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, यह सूची शाम 4 बजे तक जारी कर दी जाएगी। इसके बाद हर शुक्रवार को चरणबद्ध तरीके से नई सूचियां जारी होती रहेंगी।
यह सूची सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को भेजी जाएगी, जहां से इसे संबंधित बूथों पर प्रदर्शित किया जाएगा। अब तक करीब 27 लाख 30 हजार नामों का निर्धारण हो चुका है, जबकि लगभग 10 लाख नाम अभी शेष हैं। आयोग को 40 लाख बूथों से संबंधित पूरक सूची भी प्राप्त हो चुकी है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोग सतर्क
पूरक सूची जारी करने से पहले चुनाव आयोग कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है। आयोग का फोकस यह सुनिश्चित करना है कि सूची जारी होने के बाद किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
इसी के तहत संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी और कड़ी निगरानी रखी जाएगी। बूथ स्तर पर सूची जारी होने के बाद इसे अंतिम मतदाता सूची की तरह ऑनलाइन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
28 लाख मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन पूरा
वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर भी देख सकेंगे नाम, राज्य में कुल 60 लाख विचाराधीन मतदाताओं में से अब तक लगभग 28 लाख के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा चुका है। यह जानकारी मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने दी।
पूरक सूची जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ-साथ ब्लॉक स्तर के प्रशासनिक कार्यालयों में भी प्रदर्शित की जाएगी। मतदाता अपना नाम चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और ECINET मोबाइल ऐप के जरिए भी जांच सकते हैं।
700 से अधिक अधिकारी कर रहे दस्तावेजों की जांच
विचाराधीन मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच के लिए 700 से अधिक न्यायिक अधिकारियों को लगाया गया है। सूची को दो हिस्सों में किया गया विभाजित पहले यह सूची ईद से पहले जारी की जानी थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से इसे कुछ दिनों के लिए टाल दिया गया।
पूरक सूची को दो भागों में बांटा गया है। पहले भाग में उन मतदाताओं के नाम शामिल होंगे, जिनके दस्तावेज सही पाए गए हैं, जबकि दूसरे भाग में हटाए गए मतदाताओं के नाम होंगे।
नाम न होने पर अपील का प्रावधान
यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया है या हटा दिया गया है, तो वह इसके खिलाफ अपील कर सकता है। इसके लिए राज्य में 19 न्यायाधिकरण बनाए गए हैं, जिनमें सेवानिवृत्त न्यायाधीश शामिल हैं।
इनमें टी.एस. शिवज्ञानम, बिस्वजीत बसु, रणजीत कुमार बाघ और संपथी चटर्जी जैसे नाम शामिल हैं। 23 जिलों के लिए कुल 19 न्यायाधिकरण गठित किए गए हैं।
मतदाता अपनी अपील ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से दर्ज करा सकते हैं।
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची का यह अपडेट चुनाव प्रक्रिया का अहम हिस्सा है। पूरक सूची जारी होने के साथ ही पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के प्रयास तेज हो गए हैं। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था और अपील की सुविधा से मतदाताओं का भरोसा बनाए रखने पर भी जोर दिया जा रहा है।
No Comment! Be the first one.