उपायुक्त ने रांची शहर के वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

रांची, जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम ने शनिवार देर रात रांची शहर के वर्षा प्रभावित इलाकों का दौरा किया। पिछले कुछ दिनों से जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण शहर के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने रांची नगर निगम आयुक्त सुशांत गौरव और अन्य विभागीय पदाधिकारी के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पंचशील नगर, बांधगाड़ी और सेवासदन के आसपास प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और किसी प्रकार की जनहानि न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार कर कार्य करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति, नालों की सफाई, पानी निकासी की व्यवस्था का जायजा लिया । पंचशील नगर और बांधगाड़ी में प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के बाद उन्होंने राजस्व नक्शा के अनुसार मापी कर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सेवा सदन के पास वर्षा प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेते हुए उपायुक्त ने स्थानीय लोगों से बातचीत की। लोगों की समस्या को ध्यान पूर्वक सुनते हुए उन्होंने जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम को कार्य योजना तैयार कर समस्या के समाधान की बात कही।

स्थानीय लोगों ने बताई अपनी समस्या

पंचशील नगर और बांधगाड़ी में स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं को जानते हुए उपायुक्त ने प्रशासनिक टीम को जरूरी दिशा-निर्देश दिए । उन्होंने विशेष रूप से जहां सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनती है वहां सर्तकता बरतने के निर्देश दिये, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान प्रभावित क्षेत्रों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाए और जलजमाव की स्थिति में अलर्ट जारी कर प्रभावित लोगों को राहत पहुंचायी जाये।

नदी, नाले और रोड का ना करें अतिक्रमण

उपायुक्त ने रांचीवासियों से अपील की है कि वो नदी, नाले और रोड का अतिक्रमण न करें ताकि जल जमाव या बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न ना हो। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें तथा आकस्मिक स्थिति में संयम और धैर्य बनाए रखें।

ये अधिकारी थे मौजूद

निरीक्षण के दौरान अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर उत्कर्ष कुमार, नगर आयुक्त सुशांत गौरव, उपसमाहर्ता नजारत सुदेश कुमार, सिटी एसपी अजीत कुमार, पथ निर्माण एवं बिजली विभाग के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Read More News

रांची GPO परिसर में दोपहर 3 बजे होगा प्रदर्शन, पेंशन और सेवा संबंधी मांगों को लेकर डाक विभाग को भेजा जाएगा ज्ञापन

झारखंड के डाक पेंशनर्स 11 सूत्री मांगों को लेकर 10 अगस्त को रांची GPO परिसर में धरना-प्रदर्शन...

Read More