News Saga Desk
गुवाहाटी | असम पुलिस ने साइबर अपराध और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए ‘ऑपरेशन घोस्ट सिम’ नामक विशेष अभियान चलाया है, जिसे राज्य की विशेष कार्य बल यानी स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) द्वारा अंजाम दिया जा रहा है।
पिछले कई महीनों से चल रहे इस अभियान के तहत एसटीएफ ने अवैध रूप से मोबाइल सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो जिहादी और आतंकवादी समूहों तक यह सिम कार्ड पहुंचा रहे थे। अब तक एसटीएफ ने राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से जुड़े कम से कम 13 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 1300 से अधिक सिम कार्ड जब्त किए गए हैं।
इसके अलावा बड़ी संख्या में फर्जी आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और अन्य जाली दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। इन नकली दस्तावेजों की मदद से आरोपित काल्पनिक नामों पर सिम कार्ड जारी करवा रहे थे। जांच में सामने आया है कि इन्हीं सिम कार्ड का इस्तेमाल साइबर अपराध और अन्य गैरकानूनी कामों में किया जा रहा था, साथ ही इन्हें आतंकवादी तत्वों तक भी पहुंचाया जा रहा था।
इसी बीच असम पुलिस के अनुरोध पर दूरसंचार विभाग ने अब तक 953 सिम कार्ड निष्क्रिय कर दिए हैं। पूरे मामले की जांच जारी है।
No Comment! Be the first one.