NEWS SAGA DESK
खूंटी झारखंड में पुलिस अफीम पर लगाम लगाने की कोशिश में जुटी हुई है। यहां अवैध पोस्ता की खेती के खिलाफ खूंटी जिले में पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर रविवार को बड़ा अभियान चलाया। पुलिस ने 37 एकड़ और ग्रामीणों ने 20 एकड़ में लगी अवैध पोस्ता की खेती को नष्ट कर दिया। पुलिस अभियान के तहत सदर थाना क्षेत्र के तारो में 4 एकड़, मारंगहादा थाना क्षेत्र के पतराटोली में 7 एकड़, मुरहू थाना क्षेत्र के कुर्की, पेरका और केवड़ा में 11 एकड़, सायको थाना क्षेत्र के ओतोंगओड़ा रायडीह में 9 एकड़ और अड़की थाना क्षेत्र के हुड़वा और गुणतूरा में 6 एकड़ अवैध पोस्ता की फसल को नष्ट किया गया। दूसरी ओर, अड़की थाना क्षेत्र के तिनतिला में मुखिया और ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने दोनदोपीढ़ी में 20 एकड़ में लगी पोस्ते की खेती को ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया। इस अभियान से जिले में अवैध पोस्ते की खेती के खिलाफ चल रहे जागरुकता और कार्रवाई अभियान को मजबूती मिली है। पुलिस और प्रशासन ने इसे एक बड़ी सफलता बताया है।
वहीं शनिवार को पुलिस ने अभियान चलाकर खूंटी के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 43 एकड़ में लगी अफीम की फसलों को नष्ट किया। खूंटी सदर थाना क्षेत्र के बारूडीह में पांच एकड़, सोयको थाना क्षेत्र के जीवरी गांव में 14 एकड़, मारंगहादा थाना क्षेत्र के होड़ोंग और बीचागुटू में चार एकड़, मुरहू के पेरका, मेराल और ईट्ठे में 10 एकड़, और अड़की के लुपुंगपीड़ी और चेरेंबा में 10 एकड़ की फसल नष्ट की गई। उधर जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ अब ग्रामीण स्तर पर भी आंदोलन तेज हो गया है। शुक्रवार को मुरहू प्रखंड के चमराटोली ग्रामसभा ने आठ एकड़ में लगी अफीम की फसल को ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया। वहीं, शनिवार को इंदिपीड़ी पंचायत के कुलीपिड़ी ग्रामसभा ने भी दो ट्रैक्टरों की मदद से पोस्ते की फसल नष्ट कर दी। एसडीपीओ ने सराहा ग्रामीणों का प्रयास: खूंटी के एसडीपीओ वरुण रजक ने कहा कि पुलिस द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियान का असर अब दिखने लगा है। चमराटोली और कुलीपिड़ी के अलावा चालोम, बाड़ीनिजकेल, तिनतिला और रायतोड़ांग जैसे गांवों की ग्रामसभाओं ने भी अफीम की फसल नष्ट की है। यह ग्रामीणों के सहयोग और जागरूकता का परिणाम है।
No Comment! Be the first one.