News Saga Desk
कोडरमा: कोडरमा जिले में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग दिन ही नहीं, रात में भी डर के साए में जीने को मजबूर हैं। वन विभाग की कोशिशें अब तक नाकाफी साबित हो रही हैं और इसका खामियाजा सीधे ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। बीते साल जहां हाथियों के हमलों में 7 लोगों की जान गई थी, वहीं इस साल महज 10 दिनों में 3 लोगों की मौत हो चुकी है और 3 लोग घायल हैं।
ढाबे में घुसकर कर्मचारी पर हमला
ताजा घटना शुक्रवार रात की है। कोडरमा-जयनगर रोड स्थित पथलडीहा गांव के पास एक भटके हुए हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी सड़क किनारे बने शिवम लाइन होटल में घुस गया और वहां सो रहे 35 वर्षीय कर्मचारी उपेंद्र साव पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल उपेंद्र को पहले कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया।
पोल्ट्री फार्म में तोड़फोड़, लाखों का नुकसान
हाथी का उत्पात यहीं नहीं रुका। पथलडीहा गांव में ही हुसैन आरिफ के पोल्ट्री फार्म में घुसकर उसने भारी तोड़फोड़ की। फार्म के ढांचे को नुकसान पहुंचा और कई मुर्गियां भी गायब हो गईं। इस घटना में मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
गांव में दहशत का माहौल
लगातार हो रही घटनाओं के चलते गांव में भय का माहौल है। शाम होते ही लोग घरों में कैद हो जा रहे हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
वन विभाग पर उठ रहे सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग हाथियों को खदेड़ने में नाकाम साबित हो रहा है। समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए जाने से खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
No Comment! Be the first one.