News Saga Desk
नई दिल्ली | मिजोरम में रेल कनेक्टिविटी को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाला बैरबी साईरंग रेल लाइन का पुल संख्या 144 (कुरंग ब्रिज) इंजीनियरिंग की अनोखी मिसाल बन रहा है। यह पुल देश का दूसरा सबसे ऊँचा पियर ब्रिज है, जो आने वाले समय में न केवल यात्रा को आसान बनाएगा बल्कि इस क्षेत्र के विकास को भी गति देगा।
रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि इस पुल की सबसे बड़ी विशेषता इसकी ऊँचाई है। इसका सबसे ऊँचा पियर 114 मीटर का है, जो दिल्ली की ऐतिहासिक कुतुब मीनार से भी 42 मीटर अधिक ऊँचा है। इतनी ऊँचाई पर मजबूत और सुरक्षित संरचना तैयार करना भारतीय इंजीनियरों के कौशल का प्रमाण है।
इसके डिज़ाइन को भी विशेष ध्यान से तैयार किया गया है। इसमें कुल छह स्पैन हैं और प्रत्येक स्पैन के लिए अलग-अलग गिर्डर बनाए गए हैं। यह अद्वितीय संरचना पुल को मजबूती और स्थायित्व देती है। इसके साथ ही इस पुल को भूकंप सुरक्षा मानकों के अनुसार तैयार किया गया है, जिससे यह भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में भी सुरक्षित रहेगा।
No Comment! Be the first one.