NewsSaga Desk
पश्चिमी सिंहभूम | जिला के गुवा हाथी चौक में गुरुवार को झारखंड मजदूर यूनियन के बैनर तले बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा, भारत आदिवासी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुशील बारला, पूर्व मुखिया कपिलेश्वर दोंगो, झारखंड मजदूर यूनियन गुवा के अध्यक्ष लालमोहन महतो, महासचिव हेमराज सोनार, बरायबुरु यूनियन अध्यक्ष दीनबंधु पात्रो सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और मजदूर-ग्रामीण शामिल हुए।
तितलीघाट, छोटानागरा, जामकुंड़िया, किरीबुरू, सोनापी, हेन्देबुरु, मनोहरपुर, गुवा, बड़ाजामदा, बोकना, टाटिबा, बरायबुरु, बिचाईकिरी, कोलायबुरु, बाईहातु, दिरीबुरु, कुमड़ी, बालिबा, बोलानी, थलकोबाद, गांगदा, घाटकुरी, नोवामुंड़ी, टोंटोगढा, झारबेड़ा, बहदा और पंडरासाली गांव के ग्रामीण मौजूद रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा ने कहा कि टाटा स्टील की विजय टू खदान 17 अगस्त से पर्यावरणीय स्वीकृति नहीं मिलने से बंद है, जिसके चलते पूरे सारंडा क्षेत्र में भयावह स्थिति उत्पन्न हो गई है। मजदूर बेरोजगार हो गए हैं और उनके घरों में चूल्हा तक नहीं जल पा रहा है। मजबूरी में मजदूर अपने गांव छोड़कर अन्य राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। यह स्थिति बेहद दुखद है और सरकार को जल्द हस्तक्षेप करना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार बंद पड़े खदानों को पुनः चालू करने के लिए ठोस कदम उठाए, ताकि मजदूर भूखमरी की स्थिति से बच सकें।
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी आठ सितंबर को गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि देने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुवा आ रहे हैं। उस दिन झारखंड मजदूर यूनियन के बैनर तले हजारों मजदूर और ग्रामीण मुख्यमंत्री को खदान खुलवाने के लिए ज्ञापन सौंपेंगे। बोबोंगा ने कहा कि यदि दुर्गा पूजा से पहले खदान नहीं खोली गई, तो नोवामुंड़ी प्रखंड कार्यालय में धरना प्रदर्शन कर खदान चालू कराने की मांग जोरदार ढंग से की जाएगी।
बैठक के बाद झारखंड मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने टाटा स्टील की विजय टू खदान प्रबंधन से भी खदान जल्द खोलने को लेकर बातचीत की। बैठक में मुख्य रूप से पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा, भारत आदिवासी पार्टी के अध्यक्ष सुशील बारला, यूनियन अध्यक्ष दीनबंधु पात्रों, लालमोहन महतो, महामंत्री हेमराज सोनार, प्रकाश राऊत सहित विभिन्न गांवों के मजदूर और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
No Comment! Be the first one.