News Saga Desk
रांची : ग्रामीण विकास और स्वावलंबन के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था SRI ग्रामीण औद्योगीकरण संस्थान का 42वाँ स्थापना दिवस बरियातू स्थित संस्थान प्रांगण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेकान (MECON) के सीएमडी एस.के. वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। अपने संबोधन में वर्मा ने कहा कि SRI(Society of Rural Industrialisation) का 42 वर्षों का यह सफर झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक मील का पत्थर साबित हुआ है। उन्होंने संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्रों के लोग न केवल हुनरमंद बन रहे हैं, बल्कि स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर भी हो रहे हैं। उन्होंने समाज के विकास के लिए अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं को भी आगे आने का आह्वान किया ताकि विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके।
42 वर्षों की उपलब्धियाँ
संस्थान पिछले चार दशकों से भी अधिक समय से सुदूर ग्रामीण इलाकों में स्वरोजगार और कौशल विकास के लिए निरंतर कार्यरत है। इस दौरान हजारों लोगों को प्रशिक्षण देकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया गया है।
सम्मान समारोह और उपस्थिति
स्थापना दिवस के विशेष अवसर पर सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुनील सराफ, मुरारी चौधरी, कुणाल सेन और रिणी सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मंच का कुशल संचालन संस्था की ऋणी सिंह और अभिनंदन कुमार ने किया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ संस्थान ने भविष्य में और अधिक ऊर्जा के साथ ग्रामीण उत्थान के संकल्प को दोहराया।
No Comment! Be the first one.