News Saga Desk
नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध के हालात बने हुए हैं। चंडीगढ़ और अंबाला में शुक्रवार को हवाई हमले की चेतावनी दी गई है। चंडीगढ़ में सेना की वेस्टर्न कमांड है, NIA का भी दफ्तर है। अंबाला में एयरफोर्स स्टेशन मौजूद है। तनाव के बीच केंद्र सरकार ने एक नोटिफिकेशन जारी किया है। इसमें कहा गया है कि सेना प्रमुख चाहें तो वे टेरिटोरियल आर्मी के अफसरों-जवानों को बुला सकते हैं। TA अर्धसैनिक बल है, जो जरूरत पड़ने पर सेना की सहायता करती है। उधर, गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को इमरजेंसी पावर का इस्तेमाल करने का आदेश दिया है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नेवी चीफ एडमिरल दिनेश त्रिपाठी, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और CDS अनिल चौहान ने ताजा हालात की जानकारी दी। गृहमंत्री भी BSF, CISF के अफसरों के साथ मीटिंग की। उन्होंने भारत-पाकिस्तान बॉर्डर और एयरपोर्ट्स की सिक्योरिटी की जानकारी ली। कृषि मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय ने ने भी तैयारियों को लेकर मीटिंग की। इस बीच, LoC पर पाकिस्तानी फौज 3 दिन से लगातार फायरिंग कर रही है। इसमें 17 नागरिकों की मौत हुई। इनमें 5 बच्चे भी शामिल हैं। कई इमारतों और गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है।
टेरिटोरियल आर्मी (TA) क्या है, कई सेलिब्रिटी इसमें शामिल
प्रादेशिक सेना यानी टेरिटोरियल आर्मी भारत की सशस्त्र सेनाओं का एक स्वैच्छिक, अंशकालिक नागरिक बल है, जिसे 1949 में टेरिटोरियल आर्मी एक्ट के तहत स्थापित किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य नियमित सेना को युद्ध, आपदा या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्रदान करना है। इसमें आम नागरिक से लेकर सेलिब्रिटी तक शामिल होते हैं।
राज्यवर्धन सिंह राठौर: ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट और पूर्व केंद्रीय मंत्री, जिन्होंने भारतीय सेना में सेवा दी और कारगिल युद्ध में भाग लिया।
महेंद्र सिंह धोनी: पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान को 2011 में पैराशूट रेजिमेंट में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की रैंक दी गई थी।
कपिल देव: 1983 के विश्व कप विजेता कप्तान को 2008 में पंजाब रेजिमेंट में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल बनाया गया।
अभिनव बिंद्रा: ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट शूटर को 2011 में सिख रेजिमेंट में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की रैंक दी गई।
मोहनलाल: प्रसिद्ध मलयालम अभिनेता को 2009 में मद्रास रेजिमेंट में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल नियुक्त किया गया।
दीपक राव: क्लोज-क्वार्टर बैटल विशेषज्ञ और लेखक को 2011 में पैराशूट रेजिमेंट में मानद मेजर की रैंक दी गई।
नाना पाटेकर: अभिनेता ने 1990 में फिल्म ‘प्रहार’ के लिए प्रशिक्षण लिया और 1999 के कारगिल युद्ध में मराठा लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट में मेजर के रूप में सेवा दी।
अनुराग ठाकुर: भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री को 2016 में नियमित कमीशन के तहत लेफ्टिनेंट नियुक्त किया गया और बाद में कैप्टन के पद पर पदोन्नत किया गया।
सचिन पायलट: कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री को 2012 में सिख रेजिमेंट की 124 TA बटालियन में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन किया गया।
No Comment! Be the first one.