News Saga Desk
रांची। झारखंड में आने वाले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना है, जबकि उत्तर-पश्चिमी इलाकों में बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन फिलहाल भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं दी गई है। जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 6 जुलाई तक झारखंड के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। 7 और 8 जुलाई को भी कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग ने राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में वज्रपात और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, सरायकेला, खूंटी, सिंहभूम सहित कई जिलों को सतर्क रहने को कहा गया है। लोगों को सावधानी बरतने और खुले स्थानों से बचने की सलाह दी गई है। पिछले 24 घंटों के भीतर राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा कोलेबिरा में 59.8 मिमी रही। वहीं, अमड़ापाड़ा में 18.2 मिमी और विश्रामपुर में 17.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बोकारो थर्मल में 43.6 मिमी, हजारीबाग में 41.6 मिमी, बड़कागांव में 24.0 मिमी, चाईबासा में 17.4 मिमी, पुटकी में 21.4 मिमी और चंद्रपुरा में 11.4 मिमी बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में दक्षिण झारखंड और उसके आसपास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है। इसके साथ ही एक मानसूनी ट्रफ बीकानेर, बनस्थली, शिवपुरी, सिद्दी, चाईबासा होते हुए दीघा और पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है, जो बारिश की गतिविधियों को बढ़ा रहा है। राज्य में बीते दिन अधिकतम तापमान पाकुड़ में 34.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची और आसपास के क्षेत्रों में 3 जुलाई से 7 जुलाई तक बादल छाए रहेंगे और दोपहर बाद गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
No Comment! Be the first one.