News Saga Desk
पाकुड़। पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। यह हादसा पोखरिया के पास पाकुड़-अमड़ापाड़ा कोल माइंस रोड पर हुआ, जहां कोयला खाली कर लौट रहे एक हाइवा ने बाइक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान पचाईबेड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय रंजित मुर्मू के रूप में हुई है, जो बाइक से अपने ससुराल जब्दी खरियोपाड़ा जा रहा था। रास्ते में तेज रफ्तार हाइवा ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और करीब 30 फीट तक घसीटता चला गया। इस दौरान रंजित वाहन के पहिए में फंस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर हड़कंप मच गया। गुस्साए ग्रामीणों ने हाइवा में तोड़फोड़ की और आसपास खड़े कई अन्य वाहनों की बैटरियां व सामान नुकसान पहुंचाया। सूचना मिलते ही महेशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। ग्रामीणों ने बताया कि कोयला ढोने वाले वाहन अक्सर तेज गति से चलते हैं और खराब सड़कें हादसों की आशंका को और बढ़ा देती हैं। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया है, जबकि उसका चालक फरार हो गया है। स्थानीय लोगों ने कोयला कंपनी से उचित मुआवजे की मांग की है। घटना के चलते सड़क पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया था।
No Comment! Be the first one.