News Saga Desk
सिमडेगा। सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को अगवा करके अश्लील वीडियो बनाने व दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के स्वजन ने एक युवक पर आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी उठाया है। जिसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है। उन्होंने सिमडेगा डीसी और सिमडेगा पुलिस से कहा है कि “यह बिल्कुल बर्दास्त के काबिल नहीं है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें अविलंब गिरफ्तार कर आगे कठोरतम कार्रवाई करें। साथ ही बच्ची एवं उनके पूरे परिवार की सुरक्षा एवं अन्य सभी सरकारी सहयता उपलब्ध कराते हुए सूचना दें।”
.@dc_Simdega .@Simdega_Police यह बिल्कुल बर्दास्त के काबिल नहीं है।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) July 21, 2025
आरोपियों की पहचान कर उन्हें अविलंब गिरफ्तार कर आगे कठोरतम कार्रवाई करें।
साथ ही बच्ची एवं उनके पूरे परिवार की सुरक्षा एवं अन्य सभी सरकारी सहयता उपलब्ध कराते हुए सूचना दें। https://t.co/JVXrX7dv7Z
दरअसल पहले बाबूलाल मरांडी ने झारखंड पुलिस को टैग करते हुए कहा है कि “सिमडेगा जिले के कोलेबिरा में नाबालिग बेटी के साथ हुई दुष्कर्म की घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। एक मासूम बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाए जाने की घटना अति निंदनीय है। @jharkhandpolice आरोपी को अविलंब गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दिलाएं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा, सहायता तथा न्याय दिलाने में हरसंभव मदद करें।” बाबूलाल मरांडी के ट्वीट को ही रीट्विट करते हुए सीएम ने मामले पर संज्ञान लिया है।
जानकारी के अनुसार 13 वर्षीय नाबालिग बीती 16 जुलाई की रात 9 बजे से लापता थी। काफी ढूंढने के बाद भी वह नहीं मिली। इसके तीन दिन बाद 19 जुलाई को सुबह लगभग 9 बजे घर वापस आई तो उसने पिता से आपबीती बताई। पीड़िता ने बताया कि स्थानीय निवासी एक 19 वर्षीय युवक ने 16 जुलाई को रात 9 बजे फोन कर चुपके से घर से बाहर आने के लिए कहा था। घर से बाहर नहीं आने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपी एक समुदाय विशेष का बताया गया है। नाबालिग ने कहा कि डर के कारण वह परिवार को बिना बताए घर से बाहर निकली। इसके बाद आरोपी अपने साथ ले गया और डरा-धमकाकर अश्लील फोटो, वीडियो दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने डरा-धमकाकर और बंधक बनाकर तीन दिन गलत काम किया।
पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपित ने तीन माह पहले भी उसे डरा-धमकाकर एक बगीचे ले जाकर दुष्कर्म किया था। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाया और फोटो भी खींचे थे। आरोप है कि इन्हीं वीडियो और तस्वीरों को दिखाकर आरोपी पीड़िता को ब्लैकमेल कर रहा था। इधर, पुलिस ने आरोपित को कब्जे में लेकर पूछताछ कर रही है। कोलेबिरा थाना प्रभारी हर्ष कुमार शाह ने कहा कि पुलिस पीड़िता का मेडिकल कराएगी। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
No Comment! Be the first one.