मधेपुरा में सेप्टिक टैंक हादसा, दम घुटने से 2 मजदूरों की मौत, एक की हालत गंभीर

News Saga Desk

मधेपुरा।  मधेपुरा ज़िले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया रोड स्थित पुलिस लाइन के सामने शनिवार को एक निर्माणाधीन मकान में दर्दनाक हादसा हो गया। शौचालय के टैंक से शटरिंग हटाते वक्त दम घुटने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से बीमार है और अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह हादसा विजय भगत के निर्माणाधीन मकान में हुआ।
मृतकों की पहचान लालपट्टी वार्ड नंबर एक के प्रमोद यादव (55), पिता सहदेव यादव, और बुढ़ाबे निवासी दिलीप चौहान (40) के रूप में हुई है। तीसरे मजदूर, केटावन निवासी संतोष कुमार की हालत चिंताजनक बनी हुई है और वह मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है।

घटना सुबह लगभग 9 बजे की बताई जा रही है, जब दो मजदूर टैंक में उतरकर शटरिंग खोल रहे थे। कुछ देर तक अंदर से कोई हलचल नहीं होने पर तीसरा मजदूर भी उन्हें देखने नीचे उतरा लेकिन वह भी बाहर नहीं आ सका। इसके बाद मकान मालिक के स्टाफ मुकेश कुमार ने रस्सी के सहारे टैंक में उतरने की कोशिश की लेकिन वह भी बेहोश हो गया। हालांकि उसे समय रहते बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों मजदूरों को टैंक से बाहर निकाला गया और फौरन अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्रमोद यादव और दिलीप चौहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि संतोष कुमार का इलाज जारी है।


Read More News

Read More