सीटू और रांची नगर निगम की बैठक में कर्मियों की मांगों पर जताई गई सहमति

NewsSaga Desk

रांची | झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन (सीटू) के छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने रांची नगर निगम प्रबंधन के साथ शनिवर को वार्ता की। वार्ता के दौरान मातृत्व अवकाश, राष्ट्रीय अवकाश और अर्जित अवकाश लागू करने के अलावा बोनस और वेतन वृद्धि जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी निगमकर्मियों को पहचान पत्र जल्द जारी किए जाएंगे। निकाले गए मजदूरों की पुनः बहाली और मृतक आश्रितों की नियुक्ति पर तुरंत कदम उठाने का आश्वासन दिया गया।

नगर निगम प्रबंधन की ओर से बताया गया कि एरियर भुगतान और एटूजेड मजदूरों का बकाया वेतन पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 10 वर्ष से अधिक समय से सेवारत कर्मियों के स्थायीकरण संबंधी मामले को नगर विकास विभाग को भेज दिया गया है और उस पर विभागीय स्तर पर निर्णय लिया जाएगा।

बैठक में मातृत्व अवकाश, राष्ट्रीय अवकाश और अर्जित अवकाश लागू करने के अलावा बोनस, वेतन वृद्धि जैसे मुद्दों पर निगम प्रबंधन ने कहा कि अंतिम निर्णय उच्चस्तरीय बैठक में लिया जाएगा। इसकी लिखित सूचना 8 (आठ) सितम्बर को निगम की ओर से यूनियन को दे दी जाएगी।

बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि मजदूरों की सभी मांगें न्यायसंगत और श्रम कानूनों के अनुरूप हैं। इसलिए निगम प्रबंधन को इन्हें लागू करना ही होगा। यदि ठोस समाधान नहीं निकला तो 10 सितम्बर से प्रस्तावित हड़ताल को टालना संभव नहीं होगा।

इस बैठक के बाद पुराना विधानसभा मैदान में निगम कर्मियों की एक बड़ी बैठक हुई, जिसमें हड़ताल की तैयारी जारी रखने का निर्णय लिया गया।हालांकि, इसपर अंतिम फैसला आठ सितंबर को लिया जाएगा।

वार्ता में यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष प्रतीक मिश्रा, महासचिव प्रकाश टोप्पो, सुखनाथ लोहरा, ज्योति केरकेट्टा और मधु टोप्पो शामिल रहे। बैठक में निगम प्रबंधन की ओर से उप–प्रशासक गौतम प्रसाद साहू उपस्थित रहे।

Read More News

Read More