यूपी की नई मतदाता सूची जारी, 13.58 करोड़ वोटरों के नाम दर्ज, 16 दिसंबर तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति

उत्तर प्रदेश की SSR 2027 आलेख्य मतदाता सूची जारी। कुल 13.58 करोड़ मतदाता दर्ज, 18.84 लाख की बढ़ोतरी। 16 दिसंबर तक दावा-आपत्ति और 4 जनवरी को अंतिम सूची।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच निर्वाचन विभाग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) 2027 के तहत मंगलवार को आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित कर दी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। नई सूची में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। पिछली अंतिम मतदाता सूची की तुलना में मतदाताओं की संख्या में 18 लाख 84 हजार 113 की बढ़ोतरी हुई है।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए 16 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

महिला मतदाताओं की संख्या में 10.97 लाख की बढ़ोतरी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नई आलेख्य मतदाता सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष और 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा तृतीय लिंग के 4,042 मतदाताओं के नाम भी दर्ज हैं।

पिछली सूची की तुलना में पुरुष मतदाताओं की संख्या लगभग 7.87 लाख और महिला मतदाताओं की संख्या करीब 10.97 लाख बढ़ी है। वहीं, तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी दर्ज की गई है। प्रदेश का जेंडर रेशियो 834 से बढ़कर 840 हो गया है।

युवा मतदाताओं की संख्या में आई कमी

नई मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। इस आयु वर्ग में अब 11 लाख 83 हजार 352 मतदाता हैं, जबकि पिछली अंतिम सूची में इनकी संख्या 17 लाख 63 हजार 360 थी।

इस प्रकार युवा मतदाताओं की संख्या में 5 लाख 80 हजार 8 की कमी आई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा।

21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में सुधार के लिए निर्वाचन विभाग ने नवंबर में चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए हैं।

21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे। इस दौरान मतदाता सूची का निरीक्षण करने के साथ नागरिक आवश्यक आवेदन पत्र प्राप्त कर सकेंगे।

बीएलओ मतदाताओं को फॉर्म भरने और जमा करने में भी सहायता करेंगे। निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों से निर्धारित समयसीमा के भीतर मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और आवश्यक संशोधन कराने की अपील की है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता ईसीआईनेट मोबाइल ऐप, उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट और निर्वाचन आयोग के नागरिक सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in पर अपना नाम जांच सकते हैं। इसके अलावा मतदान केंद्र पर बीएलओ के पास उपलब्ध मतदाता सूची में भी नाम देखा जा सकता है।

नाम जोड़ने और सुधार के लिए कौन-सा फॉर्म भरें?

मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर पात्र नागरिक फॉर्म-06 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ पासपोर्ट आकार की फोटो, जन्मतिथि और सामान्य निवास से संबंधित मान्य दस्तावेज जमा करने होंगे।

निवास स्थान बदलने, नाम या पते में सुधार, मतदाता पहचान पत्र बदलवाने तथा दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन के लिए फॉर्म-08 का उपयोग किया जाएगा। वहीं, किसी अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाने या मतदाता सूची में दर्ज नाम पर आपत्ति जताने के लिए फॉर्म-07 भरना होगा।

ये आवेदन पत्र बीएलओ, तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र और जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले सभी पात्र नागरिकों का नाम दर्ज करना और सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करना है।

Read More News

दिल्ली से गुवाहाटी तक बुलेट ट्रेन की योजना, बिहार के पांच जिलों को मिल सकती है हाईस्पीड रेल कनेक्टिविटी

दिल्ली-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की प्रस्तावित योजना में बिहार के बक्सर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया...

Read More