News Saga Desk
हल्द्वानी | उत्तराखंड में लगातार बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का आक्रोश शनिवार को सड़कों पर साफ नजर आया। हल्द्वानी के बुध पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया, जिसकी अगुवाई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण महारा और विधायक सुमित हृदयेश ने की। प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर विफल होने का आरोप लगाया और नारेबाजी करते हुए कहा, “वोट चोर गद्दी छोड़ो।” कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि सरकार और पुलिस प्रशासन अपराधियों को खुला संरक्षण दे रहे हैं, जिससे आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और कोई अप्रिय घटना न हो।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा, “देवभूमि आज अपराधभूमि बनती जा रही है। अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है और सरकार आंखें मूंदे बैठी है।” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर विधानसभा तक जोर-शोर से उठाएगी।
No Comment! Be the first one.