झारखंड कांग्रेस में बड़ा बदलाव जल्द, सभी जिलों में नए अध्यक्ष नियुक्त होने की तैयारी

News Saga Desk

रांची। झारखंड कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। पार्टी शीघ्र ही सभी जिलों के कांग्रेस अध्यक्षों को बदलने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। इसके लिए हर जिले में पर्यवेक्षकों को भेजा गया है, जो छह-छह नामों की अनुशंसा करेंगे। इन्हीं नामों में से किसी एक को नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान के हाथ में होगा। फिलहाल जो संकेत मिल रहे हैं, उनके अनुसार प्रदेश स्तर के बड़े नेताओं को इस चयन प्रक्रिया से दूर रखने में पार्टी काफी हद तक सफल रही है। हालांकि कुछ जिलों में पारंपरिक ढर्रे पर ही काम हुआ है, जिससे वहां परिवारवाद और जातिवाद की छाया भी देखने को मिल सकती है।

25 जिलों में बदलाव की पूरी तैयारी, सामाजिक संतुलन पर फोकस

राज्य के 24 जिलों और एक नगर कांग्रेस (कुल 25 संगठनात्मक इकाइयों) में नेतृत्व परिवर्तन की योजना है। इसमें खास तौर पर नए और युवा चेहरों को मौका देने की रणनीति है। साथ ही सामाजिक संतुलन बनाए रखने के लिए अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के नेताओं को प्रमुखता देने का फैसला पहले ही हो चुका है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, 50% से अधिक जिलों में अध्यक्ष पद इन वर्गों के हिस्से में जाएगा। सिर्फ 4-5 जिलों में ही सवर्ण नेताओं को यह जिम्मेदारी मिल सकती है।

पलामू में दिलचस्प मुकाबला, रांची में असमंजस

पलामू जिले में अध्यक्ष पद को लेकर मुकाबला बेहद रोचक है। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के पुत्र प्रशांत किशोर के नाम की चर्चा तेज है और पर्यवेक्षकों ने कथित तौर पर उनके नाम पर सहमति जताई है। वहीं, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी के करीबी विवेकानंद त्रिपाठी भी दौड़ में बताए जा रहे हैं। रांची जिले को लेकर अब तक चुप्पी बनी हुई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की पसंद डॉ. कुमार राजा बताए जा रहे हैं, जबकि ग्रामीण कांग्रेस के मौजूदा अध्यक्ष डॉ. राकेश किरण महतो को एक और मौका देने की मांग कुछ विधायकों और स्थानीय नेताओं द्वारा की जा रही है।

धनबाद, बोकारो में वरिष्ठ नेताओं का प्रभाव

धनबाद में वरिष्ठ नेता जलेश्वर महतो की पसंद को तरजीह मिलने की संभावना जताई जा रही है। बोकारो सहित अन्य जिलों में भी बड़े नेताओं का हस्तक्षेप दिख सकता है। कांग्रेस अब संगठन सृजन कार्यक्रम को पंचायत स्तर तक ले जा रही है। प्रदेश प्रभारी के. राजू खुद इस मुहिम की अगुवाई कर रहे हैं। 15 से 21 सितंबर तक वे लगातार अलग-अलग जिलों में पंचायत स्तरीय कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। इन बैठकों में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी शामिल रहेंगे। इन कार्यक्रमों के ज़रिए पार्टी भविष्य का नेतृत्व तैयार करना चाहती है। पंचायत स्तर पर हो रही बैठकों में ऐसे चेहरों की पहचान की जाएगी जिन्हें भविष्य में प्रखंड या जिला स्तर पर ज़िम्मेदारी सौंपी जा सकती है।


Read More News

Read More