News Saga Desk
जगदलपुर | बस्तर में दशहरा के अवसर पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बीएसएनएल ने बड़ा कदम उठाया है। आज साेमवार से चार अक्टूबर तक मां दंतेश्वरी मंदिर जगदलपुर परिसर और आस-पास के क्षेत्र में बीएसएनएल द्वारा फ्री वाई-फाई सेवा की शुरुआत की गई है। श्रद्धालुओं ने इस पहल का स्वागत किया और कहा कि इससे वे मंदिर परिसर में रहते हुए आसानी से अपने परिजनों से जुड़े रहेंगे और सोशल मीडिया पर दशहरे की झलकियाँ साझा कर सकेंगे।
बीएसएनएल के महाप्रबंधक (जीएम) शरत चंद्र तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिदिन प्रत्येक उपयोगकर्ता को एक जीबी तक डेटा नि:शुल्क मिलेगा। यह सुविधा फिलहाल प्रयोग के तौर पर शुरू की गई है। यदि यह योजना सफल रहती है, तो जिला प्रशासन के सहयोग से मंदिर परिसर को स्थायी रूप से फ्री वाई-फाई जोन घोषित करने की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने बताया कि बस्तर दशहरा के दौरान लाखों श्रद्धालु और पर्यटक जगदलपुर पहुंचते हैं। ऐसे में डिजिटल कनेक्टिविटी की सुविधा से श्रद्धालुओं को न सिर्फ आसानी होगी बल्कि प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी मजबूत करने में मदद मिलेगी। बीएसएनएल अधिकारियों का कहना है कि यह सेवा पूरी तरह सुरक्षित होगी और हर उपभोक्ता को रोजाना एक जीबी की सीमा के भीतर ही मुफ्त इंटरनेट का लाभ मिलेगा।
No Comment! Be the first one.