महिलाओं को समाज में आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल : पंवार

News Saga Desk

फतेहाबाद | महिलाओं के सशक्तिकरण और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा शुरू की गई महत्वाकांक्षी दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ गुरूवार को पंचकूला से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण फतेहाबाद, रतिया और टोहाना में किया गया। तीनों जगह सरकारी अस्पतालों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। फतेहाबाद में आयोजित कार्यक्रम में वकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, रतिया में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल व टोहाना में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री देवेन्द्र बबली शामिल हुए। अतिथियों ने इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टालों का भी निरीक्षण किया।

इन स्टालों के माध्यम से लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों तथा महिलाओं और बच्चों से जुड़ी विशेष योजनाओं की जानकारी दी गई । फतेहाबाद में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान हर महीने महिलाओं को 2100 रुपए देने की घोषणा की थी। अब उस घोषणा को सिरे चढ़ाने का काम शुरू कर दिया गया है। योजना के पहले चरण में एक लाख आय वाली महिलाओं को शामिल किया जाना है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जिले में 25 हजार महिलाएं ऐसी हैं, जिनके परिवार की सालाना आय एक लाख रुपए से कम है। इन महिलाओं की उम्र 23 से 60 साल है। इन महिलाओं के रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरवाने के लिए जिले में नागरिक अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी कैंप लगेंगे।

दूसरे चरण में वार्षिक आय की सीमा 1 लाख 80 हजार रुपए तक होगी। यानी गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले सभी परिवारों की महिलाएं शामिल होंगी। तीसरे चरण में आय की वार्षिक सीमा 3 लाख रुपए तक होगी। पंवार ने कहा कि गांवों में चौपालों में जाने से महिलाएं संकोच करती हैं, इसलिए प्रदेश सरकार की ओर से हर गांव में महिला सांस्कृतिक केंद्र खोले जाएंगे, ताकि वहां महिलाएं बेझिझक होकर बैठ सकें। टोहाना में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मंत्री देवेन्द्र बबली ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को समाज में आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।

उन्होंने सभी से आह्वान किया कि अधिक से अधिक पात्र महिलाएँ इस योजना से जुडक़र आत्मनिर्भर, स्वस्थ और सशक्त बनें। रतिया में आयोजित कार्यक्रम में पहुंची पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने नवरात्रों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार महिलाओं की सहायता करने और सशक्त बनाने के लिए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना नामक एक सामाजिक सुरक्षा योजना शुरू की है।

Read More News

राष्ट्रपति मुर्मु का आज बिहार दौरा: नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

पटना: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज एक दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंच रही हैं, इस दौरान वह अंतरराष्ट्रीय...

Read More