News Saga Desk
मुजफ्फरपुर | बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रभात खबर का इलेक्शन एक्सप्रेस अभियान गुरुवार को औराई विधानसभा क्षेत्र पहुंचा। इस दौरान लोहिया चौक, भैरव स्थान चौक और पाकर चौक पर जनता से संवाद हुआ, जहां लोगों ने क्षेत्र की समस्याओं को खुलकर सामने रखा। इसके बाद प्रखंड मुख्यालय में आयोजित चौपाल में विभिन्न दलों के नेता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। यहां जनता ने नेताओं से सीधे सवाल किया – औराई के विकास के लिए आपका विजन क्या है?
जनता बोली – औराई हमेशा से पिछड़ा रहा
चौपाल में भाजपा नेता सुभाष कुमार शर्मा और भारत रत्न यादव ने एनडीए सरकार के कार्यों को गिनाते हुए कहा कि विधायक रामसूरत राय ने लगातार विकास कराया है। वहीं, कांग्रेस नेता दीनबंधु क्रांतिकारी, राजद नेत्री स्नेहा रानी, भाकपा माले के आफताब आलम और जनसुराज के अविनाश कुमार झा ने आरोप लगाया कि “औराई आज भी पिछड़ा है, यहां वास्तविक विकास नहीं हुआ। विधायक जीतने के बाद जनता की समस्याओं की ओर ध्यान तक नहीं दिया गया।”
जनता ने दोनों पक्षों से पूछे तीखे सवाल
सभा में उपस्थित लोगों ने सत्ता और विपक्ष, दोनों से ही कड़े सवाल किए।
- कई लोगों ने पूछा कि “प्रखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार रोकने के लिए हमारे जनप्रतिनिधियों ने अब तक क्या कदम उठाए?”
- औराई के सुभाष कुमार ने सवाल किया कि “हर साल बाढ़ से क्षेत्र डूब जाता है, कई गांव अब भी पुल-पुलिया से वंचित हैं, इसका समाधान कब होगा?”
- भाजपा नेता शर्मा ने जवाब दिया कि “डबल इंजन की सरकार विकास के लिए संकल्पित है और काम जारी है।”
- वहीं जनता ने जनसुराज नेता अविनाश कुमार झा से पूछा कि “जब महाराष्ट्र में बिहारियों पर अत्याचार हो रहा था, तब आपकी पार्टी क्यों चुप रही?”
चौपाल में जनता के सीधे सवालों ने नेताओं को कठघरे में खड़ा कर दिया और चुनावी माहौल में मुद्दों की नई चर्चा छेड़ दी।
No Comment! Be the first one.