News Saga Desk
पटना | पटना पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। चौक थाना क्षेत्र के कैमाशिकोह मोहल्ले में छापेमारी कर पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में कई लोग हथियारों के साथ मौजूद हैं। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की अगुवाई में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 9 लोगों को पकड़ लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में हथियार और गोलियां बरामद कीं, जिनमें 5 रायफल, 2 पिस्टल, 3 मैगजीन, 29 कारतूस और 3 खोखा शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में राजेश कुमार, लोहा सिंह, जयप्रकाश कुमार सिंह, दिनेश कुमार सिंह, राजेश रंजन, सत्येंद्र कुमार, विजय कुमार, बबलू कुमार और मोहम्मद साहबज़ादा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी उत्तर प्रदेश और बिहार से ताल्लुक रखते हैं। फिलहाल इनके आपराधिक इतिहास और संभावित नेटवर्क की गहन जांच जारी है।
No Comment! Be the first one.