रांची। कांके रोड स्थित सेफ चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय कुमार नाग हत्याकांड का रांची पुलिस ने खुलासा कर लिया है। मामूली विवाद—वेज बिरयानी में चिकन की हड्डी मिलने—से शुरू हुई कहासुनी इस कदर बढ़ी कि तीन अपराधियों ने रेस्टोरेंट मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह को मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि हथियार सप्लायर हरेन्द्र सिंह को पतरातू घाटी से दबोचा गया। दोनों के पास से भारी मात्रा में हथियार और नकदी बरामद की गई है।
हत्या की पूरी वारदात
घटना 18 अक्टूबर की रात करीब 11:20 बजे हुई थी, जब तीन अपराधी रेस्टोरेंट में घुसकर फायरिंग करने लगे और मालिक विजय नाग की मौके पर ही मौत हो गई। वादी उत्कर्ष राज के बयान पर कांके थाना में अभिषेक सिंह, अमित ठाकुर, प्रशांत कुमार सिंह और हरेन्द्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि अपराधियों ने पहले वेज बिरयानी ऑर्डर की थी, लेकिन उसमें चिकन की छोटी हड्डी मिलने पर विवाद हुआ, जो हत्या तक पहुंच गया।
मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी
19 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि अभिषेक सिंह अपनी गर्भवती पत्नी से मिलने रांची आने वाला है। इसके बाद कांके, रातू और ग्रामीण पुलिस की संयुक्त टीम ने आईटीबीपी कैंप के पास चेकिंग अभियान चलाया। चेरी-मनातू रोड पर पुलिस ने उसकी कार (मारुति सुजुकी XL6, नंबर JH01GB9165) को रोकने की कोशिश की, तो उसने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में वह दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया। मौके से पिस्टल, कारतूस, मोबाइल और वाहन जब्त किए गए।
हथियार सप्लायर भी चढ़ा हत्थे
मुख्य आरोपी को हथियार हरेन्द्र सिंह ने उपलब्ध कराया था। वह भागने की कोशिश में था, लेकिन पिठोरिया थाना पुलिस ने पतरातू घाटी में चेकिंग के दौरान उसे पकड़ लिया। उसके पास से देशी कट्टा, तीन जिंदा गोली, दो मोबाइल और ₹2.04 लाख नकद मिले। बाद में उसके ब्रह्मचारी नगर स्थित घर से दो पिस्टल, एक रायफल, 30.06 बोर की गोलियां और तीन मैगजीन बरामद की गईं।
पुलिस ने की बड़ी बरामदगी
अभिषेक सिंह से बरामद:
- 7.65 एमएम पिस्टल – 1
- जिंदा गोली – 1
- खोखा – 6
- मिसफायर गोली – 4
- मोबाइल फोन – 2
- वाहन – मारुति सुजुकी XL6 (JH01GB9165)
हरेन्द्र सिंह से बरामद:
- देशी कट्टा – 1
- पिस्टल (7.65 एमएम) – 2
- जिंदा गोली (315 बोर) – 3
- जिंदा गोली (7.65 एमएम) – 16
- रायफल – 1
- मैगजीन – 3
- गोलियां (30.06 बोर) – 7
- मोबाइल फोन – 2
- नकद – ₹2,04,500
- वाहन – इनोवा (JH01EQ9723)
पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच जारी है और फरार अभियुक्तों की तलाश तेज कर दी गई है।
No Comment! Be the first one.