चाईबासा सदर अस्पताल में बड़ी लापरवाही : थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को चढ़ा दिया गया HIV संक्रमित खून

News Saga Desk

चाईबासा : झारखंड के चाईबासा सदर अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अस्पताल के ब्लड बैंक की गंभीर गलती के कारण मंझारी प्रखंड के सात वर्षीय थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को HIV संक्रमित खून चढ़ा दिया गया। इस घटना के बाद परिवार सदमे में है और बच्चे की जान खतरे में पड़ गई है।

पीड़ित बच्चे के पिता ने जांच रिपोर्ट के साथ उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपी है और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उनका बेटा थैलेसीमिया से ग्रसित है और उसे हर महीने सदर अस्पताल से ब्लड ट्रांसफ्यूजन कराया जाता है। परिजनों का आरोप है कि ब्लड बैंक के एक कर्मचारी ने पूर्व विवाद के कारण जानबूझकर संक्रमित खून चढ़ाया।

परिवार ने बताया कि हाल ही में कराई गई जांच में माता-पिता दोनों की HIV रिपोर्ट निगेटिव आई, जबकि 18 अक्टूबर को अस्पताल में बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इस घटना से पूरे जिले में आक्रोश फैल गया है।

जिला परिषद सदस्य माधव चंद्र ने मामले की निंदा करते हुए कहा कि यह अत्यंत गंभीर लापरवाही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित बच्चों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी सरकार उठाए।

सूत्रों के अनुसार, 18 अक्टूबर को की गई जांच में थैलेसीमिया से पीड़ित कुल पाँच बच्चे HIV पॉजिटिव पाए गए। मामला सामने आने के बाद झारखंड हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।

Read More News

Read More