गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और तटबंध में कटाव का असर अब रेल परिचालन पर भी दिखने लगा है। मालदा रेल मंडल के सकरीगली और महाराजपुर के बीच तटबंध क्षतिग्रस्त होने के कारण पाकुड़ होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है
NEWS SAGA DESK:
गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और तटबंध में कटाव का असर अब रेल परिचालन पर भी दिखने लगा है। मालदा रेल मंडल के सकरीगली और महाराजपुर के बीच तटबंध क्षतिग्रस्त होने के कारण पाकुड़ होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। इससे खासकर पश्चिम बंगाल जाने वाले दैनिक यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
रेलवे की ओर से ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मरम्मत कार्य के लिए यह कदम उठाया गया है। मंगलवार को हावड़ा और मालदा की ओर जाने वाली कई ट्रेनें रद्द रहीं। वहीं, बुधवार को भी इसका असर जारी रहा।
पाकुड़ से चलने वाली अप लाइन की रामपुरहाट-गया पैसेंजर, बर्दवान-साहिबगंज पैसेंजर, हावड़ा-साहिबगंज एक्सप्रेस और रामपुरहाट-साहिबगंज पैसेंजर सहित कई ट्रेनें रद्द रहीं। डाउन लाइन पर साहिबगंज-बर्दवान पैसेंजर समेत अन्य ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ। इसके अलावा गया-हावड़ा एक्सप्रेस का मार्ग बदल दिया गया।
ट्रेनों के रद्द होने का सबसे अधिक असर उन लोगों पर पड़ा है, जो रोजमर्रा के काम, इलाज और अन्य जरूरी जरूरतों के लिए पश्चिम बंगाल जाते हैं। पाकुड़ जिले के हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा और सदर प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रेल सेवा पर निर्भर रहते हैं।
पाकुड़ के मुख्य टिकट निरीक्षक अखिलेश चौबे ने बताया कि सकरीगली और महाराजपुर के बीच तटबंध में कटाव के कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों को रद्द करने और कुछ के मार्ग बदलने का निर्णय लिया गया है।
No Comment! Be the first one.