News Saga Desk
धनबाद के कोयला व्यापारी अनिल गोयल ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पूछताछ के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। ईडी ने उनके आवेदन को स्वीकार करते हुए उन्हें अतिरिक्त समय दे दिया है।
जानकारी के अनुसार, ईडी ने अनिल गोयल को 23 दिसंबर 2025 को रांची स्थित ज़ोनल कार्यालय में सुबह 11 बजे तक हाजिर होने का निर्देश दिया था। लेकिन वे निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हुए और पूछताछ के लिए अतिरिक्त सप्ताह का अनुरोध किया।
अनिल गोयल सहित लाल बहादुर सिंह और अन्य कोयला व्यापारियों के ठिकानों पर 21 नवंबर को झारखंड और ईडी कोलकाता की संयुक्त छापामारी हुई थी। छापामारी के दौरान कुल 2.20 करोड़ रुपये जब्त किए गए थे। इसमें अनिल गोयल के सहयोगी गणेश अग्रवाल के ठिकाने से 94 लाख और हेमंत गुप्ता के ठिकाने से 20 लाख रुपये नकद जब्त हुए। दुमका के अमर मुंडा के घर से 150 से अधिक जमीन के गिफ्ट डीड और 80 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
ईडी ने छापामारी के दौरान प्राप्त दस्तावेजों और तथ्यों की समीक्षा के बाद अनिल गोयल को नोटिस जारी किया था। उनके व्यापारिक संबंध पश्चिम बंगाल के कोयला व्यापारी अनुप माझी उर्फ लाला से बताए जा रहे हैं। कोलकाता ईडी ने लाला समेत अन्य के खिलाफ ECL के लीज क्षेत्र में अवैध खनन के मामलों में आरोप पत्र भी दाखिल किया है।
यह कदम कोयला व्यापार में कथित अवैध गतिविधियों की जांच के सिलसिले में उठाया गया है और अनिल गोयल की आगामी पूछताछ इस मामले में अहम साबित हो सकती है।
No Comment! Be the first one.