News Saga Desk
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज श्रीनाथ विश्वविद्यालय, जमशेदपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के परिश्रम, अनुशासन और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व को भी अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
राज्यपाल ने कहा कि राज्य में स्थापित निजी विश्वविद्यालयों से अपेक्षा की जाती है कि वे यूजीसी द्वारा निर्धारित मापदंडों का पूरी तरह पालन करें, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें और अकादमिक अनुशासन बनाए रखें। उन्होंने विश्वविद्यालय में सक्रिय और प्रभावी प्लेसमेंट व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें। साथ ही विश्वविद्यालय से शिक्षा, उद्योग और समाज के बीच सशक्त सेतु के रूप में कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वविद्यालय को सामाजिक दायित्वों के निर्वहन, विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभावान विद्यार्थियों को सहयोग प्रदान करने तथा आसपास के क्षेत्रों के विकास में भागीदारी निभाने की बात कही। इसके साथ ही राज्यपाल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को अपनाते हुए नवाचार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता से जुड़ी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।
No Comment! Be the first one.