News Saga Desk
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 29 दिसंबर को जमशेदपुर और आदित्यपुर आगमन प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में वाणिज्य कर विभाग के सचिव अमिताभ कौशल और जोनल आईजी मनोज कौशिक ने परिसदन, जमशेदपुर में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक की।
बैठक में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी पीयूष पांडेय, सरायकेला-खरसावां के एसपी मुकेश लुणायत समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान राष्ट्रपति के परिभ्रमण मार्ग की मैपिंग, यातायात व्यवस्था, मार्ग से निर्माण सामग्री हटाने, आवश्यक स्थानों पर बेरिकेटिंग, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती, अधिकारियों की ब्रिफिंग, रिहर्सल, पूरे क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित करने और प्रोटोकॉल के सख्त अनुपालन जैसे बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।
बैठक के बाद सचिव अमिताभ कौशल और जोनल आईजी मनोज कौशिक ने करनडीह स्थित कार्यक्रम स्थल, एनआईटी जमशेदपुर और एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर अचूक रूप से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
इस मौके पर ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, डीडीसी नागेंद्र पासवान, एडीसी भगीरथ प्रसाद, नगर आयुक्त आदित्यपुर, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, डीटीओ, ट्रैफिक डीएसपी सहित सरायकेला-खरसावां जिले के अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
No Comment! Be the first one.