News Saga Desk
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना सदर प्रखंड के आंचू गांव की मुख्य सड़क पर हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चिरू बाजार से तीन दोस्त एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। आंचू गांव के पास सड़क किनारे खड़ी जंगल की लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में मृतकों की पहचान प्रधान तुबिद और भगवान सवैया के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान भगवान कुदादा, निवासी उलीझारी (मुफस्सिल थाना क्षेत्र) के तौर पर की गई है। घायल को तुरंत सदर अस्पताल चाईबासा में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के स्वामित्व और उसमें लदी लकड़ी के स्रोत की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और आवश्यक दस्तावेजों की जांच जारी है।
उधर, दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया गया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।
No Comment! Be the first one.