NEWS SAGA DESK
बाघमारा: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बाघमारा में बुधवार को भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश की इन दोनों महान विभूतियों के योगदान को स्मरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार झा, आचार्य सुभाष चौधरी, राजेश कुमार मिश्रा एवं आचार्या पूजा गुप्ता द्वारा पंडित मदन मोहन मालवीय एवं अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य संतोष कुमार झा ने भैया-बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय एवं अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर को मनाई जाती है। मालवीय जी महान शिक्षाविद, स्वतंत्रता सेनानी एवं काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक थे, जबकि अटल बिहारी वाजपेयी एक कुशल राजनेता, ओजस्वी कवि एवं देश के तीन बार प्रधानमंत्री रहे। दोनों ही विभूतियों को देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उनके विचारों, आदर्शों एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेनी चाहिए। आचार्या पूजा गुप्ता ने दोनों महान व्यक्तित्वों के जीवन एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान भैया-बहनों ने भाषण एवं कविता के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए। साथ ही गणित दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी आचार्य एवं दीदीजी का सराहनीय योगदान रहा।
असम के डिब्रूगढ़ में PM मोदी का अलग अंदाज, महिलाओं संग संवाद कर तोड़ी चाय की पत्तियां
डिब्रूगढ़ (असम): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह असम के डिब्रूगढ़ स्थित मनोहारी चाय बागान...
No Comment! Be the first one.