News Saga Desk
रांची दौरे पर आए केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांके रोड स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य सरकार, कोयला मंत्रालय और कोल इंडिया की अनुषंगी इकाइयों के अधिकारियों के बीच कोयला एवं खनन क्षेत्र से जुड़े अहम मुद्दों पर सकारात्मक और विस्तृत चर्चा हुई
बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोयला खनन से संबंधित कई महत्वपूर्ण विषयों पर राज्य सरकार का पक्ष रखा। इनमें झरिया मास्टर प्लान, बेलगड़िया टाउनशिप परियोजना, सरकारी भूमि का मुआवजा, खनन कार्य पूरा हो चुकी भूमि की वापसी, लंबित मामलों की समीक्षा और नई कोयला खनन परियोजनाओं के संचालन जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। वहीं केंद्रीय कोयला मंत्री ने राज्य में चल रही कोयला खनन परियोजनाओं के दौरान आ रही व्यावहारिक समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से ही कोयला खनन से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है। उन्होंने झरिया मास्टर प्लान और बेलगड़िया टाउनशिप परियोजना को विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए बेहद अहम बताते हुए कहा कि इन योजनाओं से प्रभावित लोगों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित किया जा सकेगा। बैठक में झरिया मास्टर प्लान के लिए जल्द पूर्णकालिक सीईओ की नियुक्ति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय कोयला मंत्री की उपस्थिति में अधिकारियों के स्तर पर खनिज रॉयल्टी, विस्थापितों के पुनर्वास, रोजगार और मुआवजा, सरकारी भूमि पर जमाबंदी से जुड़े नीतिगत निर्णय, लंबित मामलों की समीक्षा और रिकॉन्सिलिएशन प्रक्रिया में राज्य सरकार के सहयोग जैसे विषयों पर सहमति बनी।
इसके अलावा खनन कार्य पूर्ण हो चुकी जमीन की वापसी, अवैध खनन से होने वाले हादसों पर नियंत्रण, खनन क्षेत्रों और आसपास के स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर, कोयला परियोजनाओं के संचालन में आ रही अड़चनों के समाधान और सीएसआर फंड के प्रभावी उपयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
No Comment! Be the first one.