अरगोड़ा चौक के पास देर रात आग का तांडव, हार्डवेयर दुकान जलकर खाक

News Saga Desk

राजधानी रांची के अरगोड़ा चौक के समीप स्थित एक हार्डवेयर दुकान में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि सत्यम हार्डवेयर नामक यह दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। दुकान से उठती तेज लपटों और धुएं के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हार्डवेयर दुकान में पेंट, थिनर, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में मौजूद थी, जिससे आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें दूर से ही दिखाई देने लगीं।

स्थानीय लोगों ने देर रात दुकान से धुआं और आग निकलते देख तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था।

घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से दुकान मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि ठंड के मौसम में रांची में आगजनी की घटनाओं में इजाफा देखा जा रहा है। इससे एक दिन पहले भी पुराना अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित पर्ल आर्किड अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई थी। यह आग अपार्टमेंट के सबसे ऊपर वाले फ्लोर पर लगी थी, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया था। हालांकि उस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घर का सारा सामान जलकर राख हो गया था।

लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने शहर में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Read More News

राष्ट्रपति मुर्मु का आज बिहार दौरा: नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

पटना: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज एक दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंच रही हैं, इस दौरान वह अंतरराष्ट्रीय...

Read More