बाघमारा सीएचसी में एक दिवसीय स्वास्थ्य मेला आयोजित, 750 लोगों के बीच निःशुल्क दवाओं का वितरण

NEWS SAGA DESK

बाघमारा। झारखंड सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाघमारा में एक दिवसीय स्वास्थ्य मेला–2026 का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन बाघमारा विधायक शत्रुध्न महतो, प्रखंड प्रमुख गीता देवी, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. मंजू दास एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रीनाथ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

स्वास्थ्य मेले में स्वास्थ्य से संबंधित कुल 24 स्टॉल लगाए गए, जहां विभिन्न प्रकार के रोगों की जांच, उपचार एवं स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मेले का लाभ उठाया। विधायक शत्रुध्न महतो ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य मेले ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। उन्होंने दूर-दराज के इलाकों से आए लोगों से अपील की कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं।

प्रखंड प्रमुख गीता देवी ने कहा कि स्वास्थ्य मेला उन जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान है, जो आर्थिक तंगी के कारण समय पर इलाज नहीं करा पाते। उन्होंने सरकार की इस पहल को जनकल्याणकारी बताते हुए इसके निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रीनाथ ने बताया कि मेले में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों की जांच की गई और बीमारियों के साथ-साथ स्वास्थ्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि पंजीकरण एवं पूछताछ काउंटर पर 837 लोगों ने पंजीकरण कराया। आयुष्मान एवं आभा योजना से 87 लोग जुड़े, जबकि कुष्ठ एवं त्वचा रोग की जांच में 36 लोग शामिल हुए। यक्ष्मा एवं एचआईवी की जांच 53 लोगों की, मलेरिया, फाइलेरिया एवं डेंगू की जांच 101 लोगों की की गई।

इसके अलावा युवा मैत्री केंद्र (आरटीआई, एसटीआई) में 88, टीकाकरण (आरआई) में 25, पोषण परामर्श केंद्र में 92, परिवार नियोजन एवं पीसीपीएनडीटी में 45, योग केंद्र में 105, एनसीडी एनीमिया एवं हीमोग्लोबिन जांच में 112, एनसीडी (बीपी, शुगर) एवं वरीय नागरिक जांच में 170, दंत चिकित्सा में 55, पुरुष एवं शिशु जांच में 52, महिला स्वास्थ्य जांच में 89, आयुष चिकित्सा में 69, आंख-कान-गला जांच में 27, नेत्र जांच में 18, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जांच में 230 तथा प्रयोगशाला जांच में 211 लोगों ने सेवाएं प्राप्त कीं। मेले के दौरान लगभग 750 लोगों के बीच निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।

मौके पर विधायक प्रतिनिधि (स्वास्थ्य सेवाएं) बिपिन ठक्कर, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजू शर्मा, बंटी हरि सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। स्वास्थ्य मेले के सफल संचालन में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक भावेश चंद्र प्रकाश, प्रखंड लेखा प्रबंधक सन्नी लाल विद्यार्थी, सभी चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मियों का विशेष योगदान रहा।

Read More News

SRI ग्रामीण औद्योगीकरण संस्थान का 42वाँ स्थापना दिवस संपन्न: स्वरोजगार और हुनर से बदली ग्रामीण झारखंड की तस्वीर

रांची : ग्रामीण विकास और स्वावलंबन के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था SRI ग्रामीण औद्योगीकरण...

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More