News Saga Desk
रांची के धुर्वा इलाके से 2 जनवरी को लापता हुए दो मासूम बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। अंश और अंशिका की तलाश में रांची पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने बच्चों के बारे में सूचना देने वाले को 2 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
इसी बीच राहुल सिंह गिरोह ने भी दोनों मासूम बच्चों की जानकारी देने वाले को 2 लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। गिरोह की ओर से मंगलवार को सोशल मीडिया के माध्यम से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई, जिसमें लोगों से बच्चों को खोजने में सहयोग की अपील की गई है।

विज्ञप्ति के अनुसार, 2 जनवरी को धुर्वा स्थित मौसीबाड़ी खटाल से अंश कुमार (5 वर्ष) और अंशिका कुमारी (4 वर्ष) बिस्किट खरीदने निकले थे, लेकिन इसके बाद वे घर वापस नहीं लौटे। तब से दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चल पाया है।
गिरोह की ओर से आम लोगों से अनुरोध किया गया है कि अंश और अंशिका की तस्वीरें अधिक से अधिक साझा करें और अपने आसपास सतर्क नजर रखें। यदि कोई भी सुराग मिले तो तुरंत प्रशासन को इसकी जानकारी दें। साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क करने की बात भी कही गई है।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी अपील की गई है कि लोग इस संदेश को अपने सभी संपर्कों तक आगे भेजें, क्योंकि हर एक साझा किया गया संदेश किसी की जिंदगी बचाने और एक परिवार को उसके बच्चों से मिलाने में मदद कर सकता है।
No Comment! Be the first one.