साहिबगंज: गंगा पुल का निरीक्षण कर बोले बाबूलाल, ‘असंभव को संभव कर रहे पीएम मोदी

NEWS SAGA DESK

साहिबगंज-मनिहारी गंगा पुल का निरीक्षण करने पहुंचे बाबूलाल मरांडी ने पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने असंभव कार्यों को संभव किया है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत दो दिवसीय साहिबगंज दौरे पर पहुंचे झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को निर्माणाधीन साहिबगंज-मनिहारी गंगा पुल का जायजा लिया। पुल निर्माण स्थल का निरीक्षण करने के बाद आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता और इच्छाशक्ति की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में देश में ऐसे ऐतिहासिक कार्य संभव हुए हैं, जिन्हें कभी नामुमकिन माना जाता था।

साहिबगंज-मनिहारी गंगा पुल

असंभव से दिखने वाले फैसले हुए पूरे बाबूलाल मरांडी ने केंद्र सरकार की ऐतिहासिक सफलताओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण ही कश्मीर से अनुच्छेद 370 का खात्मा हुआ, तीन तलाक जैसी कुप्रथा के खिलाफ सख्त कानून बना और अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण संभव हो पाया। उन्होंने सुरक्षा के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में आए दिन आतंकवादी घटनाएं होती थीं, लेकिन वर्तमान सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ इसके प्रत्यक्ष प्रमाण हैं।

संताल परगना से नॉर्थ-ईस्ट तक कनेक्टिविटी होगी मजबूत गंगा पुल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार देशभर में सड़क, रेल और हवाई नेटवर्क को मजबूत करने में जुटी है। साहिबगंज-मनिहारी गंगा पुल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके बन जाने से न केवल साहिबगंज और पूरे संताल परगना का सीधा संपर्क बिहार के विभिन्न जिलों से होगा, बल्कि पूर्वोत्तर भारत (नॉर्थ-ईस्ट) के राज्यों के साथ भी कनेक्टिविटी काफी सुगम हो जाएगी। यह पुल क्षेत्र के आर्थिक विकास, व्यापार और रोजगार के नए अवसरों को जन्म देगा।

Read More News

Read More